धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कोबरा बटालियन के चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान का इलाज धमतरी के एक निजी अस्पताल में जारी है।
यह हादसा अर्जुनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। जानकारी के अनुसार सभी जवान कार से जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धमतरी के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और पांच जवानों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल जवान को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।







