गरियाबंद।छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में बुधवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर हुए भीषण सड़क हादसे में वन विभाग के रेंजर अश्वनी दास मुरचुलिया की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक समेत आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देवभोग वन विभाग की शासकीय बोलेरो और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर से ध्रुवागुड़ी और बुढ़घेलटप्पा के बीच हुआ।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग की बोलेरो में कुल नौ लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, प्रशासन और सुरक्षा बल के जवानों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा सभी घायलों को तत्काल देवभोग अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक, रेंजर अश्वनी दास मुरचुलिया को गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अन्य आठ घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
यह हादसा पूरे वन विभाग और जिले के प्रशासनिक अमले के लिए गहरा सदमा बनकर सामने आया है। मृतक रेंजर अश्वनी दास मुरचुलिया के निधन पर वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शोक व्यक्त किया है।






