करहीभदार में भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार बस पलटने से युवक की मौके पर मौत, 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल

बालोद। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत करहीभदर गांव के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। बालोद से धमतरी की ओर जा रही धमतरी कंपनी की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं।


अनियंत्रित होकर पलटी बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस काफी तेज रफ्तार में थी। करहीभदर गांव के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े।

​राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे में जान गंवाने वाले युवक का शव दुर्घटनाग्रस्त बस के नीचे ही फंसा रहा, जिसे  कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही बालोद कोतवाली पुलिस की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची।

​घायलों का इलाज:

हादसे में घायल 20 से अधिक लोगों को तत्काल 108 संजीवनी एक्सप्रेस के माध्यम से बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

​पुलिस की कार्रवाई:

पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और क्रेन व स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे मृतक को बाहर निकालने और यातायात बहाल करने में जुटी हुई है।