NH-53 कुम्हारी में भीषण सड़क हादसा: स्कूटी सवार 4 की मौत, एक बालक घायल, ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी

भिलाई। दुर्ग-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-53) पर कुम्हारी के पास गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो महिलाएं और दो बच्चियां शामिल हैं। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच स्कूटी (क्रमांक CG 07 DE 5847) पर पांच लोग सवार होकर दुर्ग से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर खड़े ट्रैक्टर (क्रमांक CG 07 NA 0930) से स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी चालक आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे ट्रैक्टर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के समय हाईवे से नेताओं का काफिला गुजर रहा था और पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त थी। उनका कहना है कि दुर्घटना के तुरंत बाद भी पुलिस का ध्यान काफिले की सुरक्षा पर अधिक रहा। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है तथा ट्रैक्टर के हाईवे पर खड़े होने और दुर्घटना की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।