रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत वालफोर्ट सिटी, भाठागांव में एक घर में काम करने वाली नौकरानी के चोरी करते पकड़े जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वालफोर्ट सिटी निवासी गोपाल सोनकर ने पुरानी बस्ती थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके घर में झाड़ू-पोछा और बर्तन साफ करने का काम करने वाली नौकरानी प्रेमा तिवारी घर में सूनेपन का फायदा उठाकर लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रही थी। परिवार के सदस्यों के कपड़ों एवं घर में रखे नकदी रकम समय-समय पर गायब हो रहे थे, जिससे परिवार को उस पर संदेह होने लगा था।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए गोपाल सोनकर ने नौकरानी पर नजर रखना शुरू किया। उन्होंने परीक्षण के तौर पर पांच-पांच सौ रुपये के 20 नोट, कुल 10 हजार रुपये, पर पेंसिल से विशेष निशान लगाकर घर में रख दिए थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह नौकरानी की तलाशी लेने पर वही निशान लगे सभी 10 हजार रुपये उसके पास से बरामद हुए। इसके अलावा वह घर से एक चांदी की पायल भी चोरी कर ले जा रही थी। घटना के संबंध में घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आई है, जिसमें कथित रूप से चोरी की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं।
पीड़ित गोपाल सोनकर ने सीसीटीवी फुटेज और बरामद राशि के आधार पर पुलिस को सूचना देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार प्रेमा तिवारी पिछले करीब चार वर्षों से उनके यहां काम कर रही थी। बीच में उसने लगभग छह माह तक काम बंद कर दिया था, जिसके बाद पिछले एक वर्ष से वह पुनः उनके घर में घरेलू कार्य कर रही थी। पुलिस पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।





