निकुम में एच. पी. वी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ, किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की पहल

अंडा। किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निकुम में आज एच. पी. वी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान मुख्य चिकित्सा अधिकारी दुर्ग एवं जिला टीकाकरण अधिकारी दुर्ग के निर्देशानुसार तथा खंड चिकित्सा अधिकारी दुर्ग (निकुम) के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत निकुम के सरपंच श्री भागवत राम पटेल के आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर प्रथम टीका ग्राम निकुम की बालिका कु. पायल यादव (पिता श्री उमेश यादव) को लगाया गया।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे, जिनमें जी.आर. भूआर्य (खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी), तृप्ति तिवारी (आरएमए), तुलसी राम यादव (सुपरवाइजर), उषा देशमुख एवं ललिता वर्मा (महिला सुपरवाइजर), जेस्सी चेरियन एवं सीमा नागवंशी (स्टाफ नर्स), यामिनी नेताम (फार्मासिस्ट), रेखा निर्मलकर (आरएचओ), ओमप्रकाश यादव (जेएसए) तथा ललिता साहू (मितानिन ब्लॉक समन्वयक) सहित ग्राम के सभी मितानिन उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि एच. पी.वी.वैक्सीनेशन किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एक प्रभावी उपाय है। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस गंभीर बीमारी के खतरे को कम किया जा सके।