रायपुर । प्रो. जेएन पांडेय स्कूल परिसर में राष्ट्रीय पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। 16 से 25 फरवरी तक आयोजित इस मेले में विभिन्न स्टाल लगे हैं, जहां कई जानर की हजारों किताबें विशेष छूट पर उपलब्ध हैं। पुस्तक मेले की खास बात यह है कि यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे और कालेज में अध्ययनरत युवाओं के लिए भी अलग-अलग प्रकाशकों की किताबें उपलब्ध है। रेलवे, एससीसी, डिफेंस, तकनीकी, यूपीएससी सहित प्रादेशिक भर्ती परीक्षा की पुस्तकें खरीदने युवाओं की भीड़ मेले में देखने मिल रही है। आयोजकों ने बताया कि मेले का उद्देश्य युवा लेखकों, साहित्यकारों को पहचान देना व उनकी किताबों को लोगों तक पहुंचाना है। यहां लगे विभिन्न स्टाल्स में धार्मिक, सामाजिक, खेल साहित्य हर विषय पर प्रकाशित किताबों का विशाल संग्रह है।

विभिन्न बोली भाषाओं की किताबें उपलब्ध : हर आयु वर्ग के रुचि को ध्यान में रखते
हुए कविता, कहानी, कामिक्स, उपन्यास, सफलता की कहानी, आटोबायोग्राफी, वाइल्ड लाइफ, कला संस्कृति सहित प्राचीन ग्रंथों के हिंदी, अंग्रेजी सहित अन्य भाषाओं में पुस्तकें मेले में सजी हुईं हैं। महापुरुषों की जीवनी के स्टाल भी सजे हुए हैं। पुस्तक मेले में
नई पुस्तकों के साथ प्राचीन ग्रंथों और आत्मकक्षा की किताबें भी उपलब्ध हैं। विश्व में सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली द विंची कोड का हिंदी अनुवाद मेले में बिक्री के लिए उपलब्ध है। इसके साथ चाणक्य और चंद्रगुप्त, निर्मला, कर्मभूमि, सेवासदन, प्रतिरोध, पोटली, शास्त्रीय संगीत में काशी के स्वर, ग्वालियर घराना, नाट्य कला एवं संगीत शिक्षण, रोशनी, संगीत दिग्दर्शिका, हत्या, अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कविताओं पर आधारित क्या खोया और क्या पाया, श्रीमद्भगवतगीता, रावण संहिता, लाल किताब, हनुमान उपासना जैसे साहित्यिक, आध्यात्मिक, कला और संस्कृति की किताबें शहरवासियों को आकर्षित कर रही हैं।






