खाद बीज आवास की मांग, सैकड़ों महिला पुरुष कर रहे जल सत्याग्रह, पाटन के इतिहास में पहली बार हो रहा जल सत्याग्रह, तालाब के अंदर से कर रहे नाराबाजी

पाटन।
पाटन ब्लॉक के ग्राम कुर्मीगुंडरा में खाद, बीज और आवास की मांग को लेकर किसानों और ग्रामीणों ने जल सत्याग्रह शुरू कर दिया है। लक्ष्मी सागर तालाब में सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष पानी के भीतर खड़े होकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि पाटन ब्लॉक के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में किसान और आवास हितग्राही यहां पहुंचे हैं। जल सत्याग्रह शुरू करने से पहले ग्रामीणों ने शंकर भगवान का अभिषेक किया और देश के कृषि मंत्री, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री तथा प्रदेश के कृषि मंत्री के नाम पूजा-अर्चना कर अपनी समस्याओं के समाधान की प्रार्थना की।

इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी तालाब में उतर गए और जल सत्याग्रह प्रारंभ किया। मौके पर प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह और रानीतराई पुलिस की टीम मौजूद है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि समय पर खाद-बीज की उपलब्धता और पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

संवाददाता बलराम यादव की रिपोर्ट