पहांदा (अ) में तालाब की जमीन पर सैकड़ों हाइवा मिट्टी डम्प, ग्रामीणों ने जताई आपत्ति, मिट्टी हटवाने एसडीएम से लगाएंगे गुहार

पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पहांदा (अ) में तालाब के लिए आरक्षित शासकीय भूमि पर सैकड़ों हाइवा मिट्टी डम्प किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रायपुर के एक व्यक्ति द्वारा बिना किसी अनुमति के बड़े पैमाने पर मिट्टी डलवाई जा रही है, जिसकी जानकारी ग्राम पंचायत को भी नहीं है।

ग्रामीणों के अनुसार उक्त स्थान पर हाल ही में तालाब की खुदाई कराई गई थी, लेकिन तालाब के किनारे और खाली भूमि पर भारी मात्रा में मिट्टी डम्प कर दी गई है। क्षेत्र में बारिश शुरू होने पर यह मिट्टी बहकर तालाब में समा सकती है, जिससे तालाब की उपयोगिता प्रभावित होने की आशंका है।

ग्रामवासियों का कहना है कि शासकीय भूमि पर मिट्टी डम्प कर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। मामले की जानकारी मिलने के बाद सरपंच ने भी चिंता जताई है और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। सरपंच ने बताया कि पंचायत को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है तथा जल्द ही एसडीएम पाटन को आवेदन देकर डम्प की गई मिट्टी हटाने की मांग की जाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा तालाब क्षेत्र को अतिक्रमण और अवैध कब्जे से मुक्त रखने की मांग की है। वहीं क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।