धमतरी। धमतरी जिला के ग्राम सांकरा में एक अधेड़ ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। चर्चा है कि पति द्वारा लाए अंडे को जब पत्नी ने पारंपरिक त्योहार बताकर सब्जी बनाने से मना किया तो नाराज पति ने घर से थोड़ी दूर जाकर एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।

सिहावा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरा के बीचपारा निवासी टिकूराम सेन 40 वर्ष ने करूभात पर्व के दिन अंडा लेकर घर पहुंचे। पत्नी से अंडा सब्जी बनाने कहा, तो पत्नी ने स्पष्ट मना कर दिया कि आज करूभात का पर्व है, कल वह उपवास रखेगी। इससे नाराज व आक्रोशित पति टिकूराम सेन घर से निकल गया और कुछ दूरी पर स्थित आंवला के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। पुलिस ने शव
का पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस आगे की जांच में जुट गई है कि वास्तव में पति अंडा सब्जी नहीं बनाने की बात पर फांसी लगाई है या कुछ अन्य कारणों से।
पुलिस कर रही है जांच सांकरा के बीचपारा निवासी टिकूराम सेन की आत्महत्या के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के आलाधिकारियों की मानें तो जांच के बाद ही असली कारण का पता चल पाएगा। अभी तो लोगों ने बताया है कि अंडे की सब्जी नहीं बनाने के चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। वैसे शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम कर शव को अंतिम संस्कार के लिए स्वजन को सौंप दिया गया है। कारण का पता जांच के बाद ही चलेगा।






