राकेश सोनकर

कुम्हारी।कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 4 महामाया पारा में रविवार सुबह घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी की हसिए से हमला कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान दुर्गा यादव 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी बुद्धूराम यादव के बेटे घनश्याम यादव (25 वर्ष) का अपनी पत्नी दुर्गा यादव (22 वर्ष) से शनिवार-रविवार दरम्यानी रात घरेलू विवाद हुआ था। गुस्से में आकर घनश्याम ने घर में रखे हसिए से दुर्गा पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना के समय पति-पत्नी अपनी 6 माह की बेटी के साथ महामाया पारा स्थित मकान में रहते थे। उसी परिसर में उनके सास-ससुर और देवर भी रहते हैं।

मामले की खुलासा रविवार सुबह जब काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आई तो पिता बुद्धूराम यादव और अन्य परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वहां दुर्गा खून से लथपथ हालत में मिली। आनन-फानन में परिजनों ने उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुम्हारी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति घनश्याम यादव को गिरफ्तार कर लिया। सीएसपी छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि प्राथमिक जांच में घरेलू विवाद के कारण हत्या होना सामने आया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।






