किसानों की फसल से किया खिलवाड़ तो होगा प्रहार, शिवराज बोले- कृषि समस्याओं को लेकर बनेगी सेंट्रल कमेटी

Shivraj singh Chauhan: अब किसानों को अपनी समस्याओं को लेकर भटकना नहीं पड़ेगा। जल्द ही कृषि समस्याओं को लेकर केंद्रीय कमेटी बनाई जायेगी। ये घोषणा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रायलय में आयोजित प्रेस कॉन्फेंस में की। उन्होंने कहा कि इसी सप्ताह ये कमेटी गठित की जायेगी। इसमें वैज्ञानिक, कृषि अधिकारी समेत प्रशासनिक अफसर शामिल किये जाएंगे। वैज्ञानिक पद्धति से सभी समस्याओं का समाधान किया जायेगा। ये कृषि विशेषज्ञ छत्तीसगढ़ के जलवायु के अनुसार धान के किस्म लगाने का सुझाव देंगे। इसके अलावा तिलहन दाल की फसल के लिए भी किसानों को प्रेरित करेंगे। सरकार भी इन फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने के लिए तैयार है, जिसके कारण किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस दौरान छत्तीसगढ़ में कृषि और ग्रामीण क्षेत्र में किए गए कार्यों का जमकर बखान किया।
उन्होंने कहा कि किसान की मेहनत, उसकी फसल और उसके भविष्य से खिलवाड़ अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नकली बीज, नकली खाद और नकली कीटनाशकों के जरिए किसानों को नुकसान पहुँचाने वाले तत्वों के खिलाफ केंद्र सरकार निर्णायक, कठोर और दंडात्मक कार्रवाई के रास्ते पर आगे बढ़ चुकी है। किसानों को कानूनी सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदान करने के लिए संसद में शीघ्र ही नए कृषि कानून लाए जाएंगे। यह स्पष्ट और सख्त नीति-संदेश केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय प्रवास के दौरान दिया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता किसान और उनका सर्वांगीण विकास है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि कुछ असामाजिक तत्व नकली कृषि आदानों के माध्यम से किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, जो केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि किसान के साथ सीधा विश्वासघात है। ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।