“युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेगा तो पाटन की प्रगति को नई गति मिलेगी” — अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक

पाटन। जनपद पंचायत पाटन की सामान्य सभा की बैठक में क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के साथ-साथ युवाओं के रोजगार और भविष्य को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित रोजगार एवं प्लेसमेंट शिविर आयोजित करने का अध्यक्षीय प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा।

अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि पाटन क्षेत्र के अनेक युवा शिक्षित और प्रतिभावान हैं, लेकिन रोजगार की तलाश में उन्हें दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। रोजगार के लिए बाहर जाने में युवाओं का समय और धन खर्च होता है तथा कई बार उन्हें उचित अवसर की तलाश में लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की रोजगारपरक योजनाओं को स्थानीय युवाओं तक पहुंचाने के साथ-साथ रोजगार देने वाली कंपनियों और नियोजकों को भी क्षेत्र तक लाना जरूरी है। इसी सोच के साथ जनपद पंचायत पाटन परिसर में नियमित रूप से रोजगार एवं प्लेसमेंट शिविर आयोजित करने की पहल की गई है।

पाटन में ही मिले रोजगार का अवसर

अध्यक्ष ने प्रस्ताव के माध्यम से कहा कि जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के सहयोग से आयोजित होने वाले इन शिविरों में निजी कंपनियों, औद्योगिक संस्थानों एवं विभिन्न नियोजकों को आमंत्रित किया जाए, ताकि क्षेत्र के शिक्षित युवक-युवतियों को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।

इसके साथ ही शिविरों में युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार एवं विभिन्न शासकीय रोजगार योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, जिससे नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार के विकल्पों की दिशा में भी युवा आगे बढ़ सकें।

अध्यक्ष ने कहा—बैठक का निर्णय जमीन पर दिखना चाहिए

सामान्य सभा में अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामान्य सभा केवल चर्चा करने का मंच नहीं है, बल्कि जनहित से जुड़े विषयों पर निर्णय लेकर उसके क्रियान्वयन की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से अपने-अपने विभाग की वर्तमान स्थिति, लंबित समस्याओं, अब तक की गई कार्रवाई तथा निराकरण की कार्ययोजना एवं समय-सीमा से सदन को अवगत कराने की अपेक्षा की।

अध्यक्ष ने कहा कि जनता को परिणाम चाहिए और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि शासन की योजनाओं एवं निर्णयों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

युवा शक्ति को विकास की ताकत बनाने की दिशा में कदम

श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि पाटन की युवा शक्ति क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार, कौशल और अवसर उपलब्ध कराए जाएं, तो वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि “हम चाहते हैं कि पाटन का युवा रोजगार की तलाश में भटके नहीं, बल्कि रोजगार के अवसर उसके अपने क्षेत्र तक पहुंचें। युवाओं को अवसर देना और उन्हें आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।”

रोजगार एवं प्लेसमेंट शिविर की यह पहल क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए एक उपयोगी मंच साबित हो सकती है। अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने इस प्रस्ताव को युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय बताते हुए आवश्यक विभागीय समन्वय और आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

विकास के साथ रोजगार भी प्राथमिकता

जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक के नेतृत्व में सामान्य सभा में यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि पाटन के विकास की प्राथमिकता केवल सड़क, नाली और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के भविष्य, रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण को भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को मिलकर काम करना होगा तथा सामान्य सभा में लिए गए निर्णयों का प्रभाव कागजों में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

सामान्य सभा में अध्यक्ष द्वारा रखी गई रोजगार एवं प्लेसमेंट शिविर की पहल को इसी व्यापक सोच का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके माध्यम से पाटन क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और आगे बढ़ने के नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।