पाटन / समाज में फैल रहे फिजूलखर्ची के दौर को रोकने और गरीब परिवारों के लिए विवाह को आसान बनाने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की जा रही है। मुस्लिम एकता मंच पाटन, मचानदुर एवं किकरमेटा के तत्वाधान में इस वर्ष 12 दिसंबर 2026 (बरोज शनिवार) को पाटन में भव्य इज्तिमाई निकाह (आदर्श विवाह) का आयोजन किया जा रहा है।
इसी सिलसिले में आज 6 नवंबर 2026 को पाटन जामा मस्जिद परिसर में मुस्लिम एकता मंच के ओहदेदारों और जमात के गणमान्य लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
10 जोड़ों का होगा निकाह, तय हुईं जिम्मेदारियां
बैठक के दौरान यह जानकारी दी गई कि इस इज्तिमाई निकाह कार्यक्रम में कुल 10 जोड़ों का निकाह संपन्न कराया जाएगा। मीटिंग में निकाह के पूरे कार्यक्रम, समय-सारणी, मेहमानों के खान-पान और अन्य तमाम व्यवस्थाओं व जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और सभी को अलग-अलग कार्य सौंपे गए।
फिजूलखर्ची रोकने और सादगी को बढ़ावा देने की पहल
वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि मौजूदा समय में शादियों में होने वाला बेतहाशा फिजूलखर्ची समाज के लिए घातक साबित हो रहा है। इस प्रकार के सामूहिक और आदर्श विवाह आयोजनों से न केवल फिजूलखर्ची पर रोक लगती है, बल्कि गरीब तबके के बेटे-बेटियों का निकाह भी बहुत ही आसानी और सम्मान के साथ संपन्न हो जाता है। समाज के प्रबुद्धजनों ने कहा कि ऐसे नेक और सामाजिक कार्य पूरे समाज को एकजुट होकर निरंतर करते रहना चाहिए।
प्रमुख रूप से रहे उपस्थित
इस बैठक और चर्चा के दौरान मुस्लिम एकता मंच के सदर जनाब डॉ. अब्दुल रहीम खान व पाटन जमात के सदर हाजी शकील मोहम्मद सहित समाज के कई प्रमुख लोग और जमात के जिम्मेदार साथी विशेष रूप से उपस्थित रहे।






