पाटन क्षेत्र के गांवों में बढ़ी अवैध शराब बिक्री, कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी

पाटन। पाटन थाना क्षेत्र के कई गांवों में अवैध शराब की बिक्री लगातार बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चिचा, बठेना, सावनी, इंदिरा नगर पाटन, अखरा वार्ड पाटन, सांतरा सहित अन्य गांवों में खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है, लेकिन आबकारी विभाग और पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके कारण गांवों का माहौल प्रभावित हो रहा है तथा युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ने की चिंता भी जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक पाटन नगर में भी शराब दुकान खुलने से पहले और दुकान बंद होने के बाद अवैध शराब बिक्री का खेल शुरू हो जाता है। आरोप है कि कुछ लोग अधिक कीमत पर शराब बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं, जिससे शासन को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में सामाजिक और कानून व्यवस्था संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।