पाटन। क्षेत्र में लकड़ी की अवैध कटाई और परिवहन का मामला लगातार सामने आ रहा है, लेकिन इस पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोप लग रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ों की अवैध कटाई के साथ ही लकड़ियों का परिवहन भी धड़ल्ले से किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं।

ग्रामीण राकेश आडील ने वन विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि क्षेत्र में खुलेआम लकड़ी का अवैध परिवहन हो रहा है, इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि ग्रामीण इलाकों में भी पेड़ों की कटाई कर लकड़ियों का परिवहन किया जा रहा है, लेकिन विभागीय स्तर पर इस पर रोक लगाने के लिए कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि अवैध कटाई और लकड़ी परिवहन के मामलों की गंभीरता से जांच की जाए तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अब देखना होगा कि वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इन शिकायतों पर कब तक संज्ञान लेते हैं।







