देमार-अरसनारा मार्ग पर धड़ल्ले से हो रही पेड़ों की अवैध कटाई, कार्रवाई की मांग

पाटन। दुर्ग-पाटन मुख्य मार्ग पर देमार से अरसनारा के मध्य स्थित मंदिर के पास बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि खुलेआम पेड़ काटे जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक खेत में लगे कौहा के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया था, जिस पर राजस्व विभाग ने प्रकरण दर्ज किया था। इसके बावजूद अवैध कटाई में लगे लोगों के हौसले बुलंद हैं और पेड़ों की कटाई का सिलसिला लगातार जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर कटाई की जा रही है, वह मुख्य मार्ग के किनारे स्थित है। इसी मार्ग से प्रतिदिन एसडीएम, तहसीलदार, वन विभाग सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों का आवागमन होता है। इसके बावजूद अवैध कटाई पर रोक नहीं लग पाना कई सवाल खड़े कर रहा है।

पर्यावरण प्रेमियों और ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र में हरियाली को भारी नुकसान पहुंचेगा और पर्यावरण पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कर अवैध कटाई पर रोक लगाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।