अवैध रूप से गिट्टी, रेत व मुरूम का परिवहन करते पकड़ाए तीन हाइवा, खनिज विभाग की दबिश, कार्रवाई जारी


पाटन। खनिज विभाग दुर्ग के द्वारा आज दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के मचादूर एवं अंडा के आसपास दबिश दी गई।  इनमें तीन हाईवा को अवैध रूप से खनिज का परिवहन करते हुए पकड़ा गया।  जिस पर कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि मचादूर के आसपास एक हाईवा में रेत का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था वहीं एक अन्य हाइवा में गिट्टी का परिवहन अवैध रूप से किया जा रहा था।  इन दोनों गाड़ी पर खनिज विभाग के द्वारा कार्रवाई की जा रही है।  इसके अलावा अंडा थाना क्षेत्र के आसपास एक हाईवा को पकड़ा गया जिसमें मुरूम का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था।
कलेक्टर दुर्ग एवं जिला खनिज अधिकारी के निर्देश पर खनिज निरीक्षक भरत बंजारे एवं उनकी टीम के द्वारा लगातार दुर्ग जिला में छापामार कार्रवाई की जा रही है। इससे पूर्व भी पाटन ब्लॉक में भी खनिज विभाग ने लगातार दबिश देकर आधा दर्जन गाड़ियों पर कार्रवाई की है। गौरतलब हो कि लगातार कार्रवाई करने से खनिज का अवैध रूप से परिवहन करने वालों में काफी हड़कंप मची हुई है।। खनिज निरीक्षक भरत बंजारे ने बताया कि कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।