साभार अमर उजाला
आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरवी अशोकन ने कहा है कि कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में हुए जघन्य अपराध और अस्पताल में तोड़फोड़ के विरोध में शनिवार सुबह 6 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक 24 घंटे के लिए देश भर में डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे। कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है

आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरवी अशोकन ने कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है। मृत महिला डॉक्टर के लिए न्याय और डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानून जैसी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। आईएमए के 3.30 लाख से ज्यादा डॉक्टर सदस्य हैं।
जानकारी के अनुसार, कोलकाता के लालबाजार स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ 8-9 अगस्त की दरमियानी रात दुष्कर्म किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। मृतका मेडिकल कॉलेज में चेस्ट मेडिसिन विभाग की स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष की छात्रा और प्रशिक्षु डॉक्टर थीं। जूनियर डॉक्टर आठ अगस्त को अस्पताल में रात की ड्यूटी कर रही थीं। रात 12 बजे के बाद उन्होंने दोस्तों के साथ डिनर भी किया। इसके बाद से महिला डॉक्टर का कोई पता नहीं चला।
9 अगस्त की सुबह मेडिकल कॉलेज में चौथी मंजिल पर बने सेमिनार हॉल में डॉक्टर का अर्धनग्न अवस्था में शव मिला। शव के पास उसका मोबाइल और लैपटॉप बरामद किया गया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई।