सीजी मितान खबर का असर: मजदूरों की जान जोखिम में डालने वाले ठेकेदार पर गिरेगी गाज, जारी किया जाएगा नोटिस, लगातार हो रहे हादसे के बाद भी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करा पा रहे बिजली विभाग के अधिकारी,ठेकदारों के सामने बेबस, पढ़िए पूरी खबर

पाटन। बिजली विभाग के प्रोजेक्ट कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब दिखाई देने लगा है। समाचार प्रकाशित होने के बाद विभागीय अधिकारियों की नींद खुली है और संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गौरतलब है कि शनिवार को पाटन क्षेत्र के छाता स्थित क्रेशर के पास एक ट्रांसफार्मर पर मजदूर बिना सेफ्टी बेल्ट और बिना हेलमेट के ऊंचाई पर चढ़कर कार्य करता दिखाई दिया था। यह कार्य बिजली विभाग के प्रोजेक्ट सेक्शन के तहत कराया जा रहा है। मजदूरों की सुरक्षा से खिलवाड़ की तस्वीरें सामने आने के बाद इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था।

जानकारी के अनुसार बिजली विभाग ने इससे पहले भी संबंधित ठेकेदार को सुरक्षा मानकों का पालन करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसके बावजूद ठेकेदार की मनमानी नहीं रुकी और विभागीय आदेशों की लगातार अनदेखी की जाती रही। ऐसे में बिजली विभाग के अधिकारियों के निर्देश भी ठेकेदार पर बेअसर साबित होते नजर आ रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक ठेकेदार अब प्रोजेक्ट विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) के निर्देशों का भी पालन नहीं कर रहा है। लगातार लापरवाही के चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। विभागीय अधिकारियों ने अब मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही है। साथ ही भविष्य में सुरक्षा उपकरणों के बिना कार्य कराए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में बिजली कार्यों के दौरान सुरक्षा नियमों की लगातार अनदेखी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।