खबर का असर: सोरम राशन दुकान में कीड़ेयुक्त चावल वितरण पर लगी रोक

पाटन। ग्राम सोरम की शासकीय उचित मूल्य दुकान में कीड़े लगे चावल के वितरण की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम के निर्देश पर खाद्य विभाग एवं नागरिक आपूर्ति निगम की संयुक्त टीम जांच के लिए सोरम पहुंची और निरीक्षण के दौरान चावल में कीड़े होने की पुष्टि हुई।

जांच दल में नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेंटर इंचार्ज सहित 6 से 7 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे। टीम ने राशन दुकान के गोदाम का निरीक्षण किया, जहां रखे चावल में कीड़े पाए गए। साथ ही गोदाम में साफ-सफाई की कमी, जाले लगे होना तथा नीचे बिखरे हुए चावल भी मिले।

निरीक्षण के बाद जांच टीम ने राशन दुकान संचालक को निर्देश दिया कि गोदाम में कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल) का छिड़काव होने तक चावल का वितरण तत्काल प्रभाव से बंद रखा जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कीटोपचार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हितग्राहियों को चावल का वितरण किया जाएगा।

इसके अलावा टीम ने राशन दुकान संचालक को गोदाम में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, चावल का सुरक्षित भंडारण करने तथा पूरे महीने निर्धारित अवधि तक हितग्राहियों को राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

गौरतलब है कि क्षेत्र के हितग्राहियों द्वारा लगातार कीड़े लगे चावल वितरण की शिकायत की जा रही थी, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर कार्रवाई की है।