खबर का असर: सीजी मितान की खबर के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब बेचने वाले गिरफ्तार

पाटन। क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है। सीजी मितान में ग्राम घोरारी में लंबे समय से चल रहे अवैध शराब कारोबार की खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस हरकत में आई और रानीतराई थाना पुलिस ने गांव में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस कार्रवाई के दौरान नागेंद्र बंजारे के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी से 138 पौवा शोले प्लेन, 42 पौवा शोले मसाला तथा 23 पौवा गोवा अंग्रेजी शराब जब्त की है। इसके बाद आरोपी को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई।

गौरतलब है कि ग्राम घोरारी में लंबे समय से अवैध रूप से शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। ग्रामीणों द्वारा लगातार इसकी जानकारी दी जा रही थी, लेकिन कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा था। मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और अवैध शराब बेचने वाले को पकड़ने में सफलता हासिल की।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहनी चाहिए ताकि गांवों में अवैध शराब कारोबार पर पूरी तरह रोक लग सके।