पाटन। सेलूद के शासकीय उचित मूल्य दुकान से वितरित किए जा रहे कीड़े लगे चावल को आखिरकार वापस लिया जा रहा है। समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और एसडीएम पाटन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कराई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित चावल को वापस करने के निर्देश जारी किए गए। मंगलवार को खाद्य विभाग की टीम सेलूद राशन दुकान से खराब गुणवत्ता वाले चावल को वापस लेकर पाटन स्थित गोदाम भेजने की कार्रवाई में जुटी रही। बताया जा रहा है कि उक्त चावल में कीड़े पाए गए थे, जिससे हितग्राहियों में नाराजगी थी। गौरतलब है कि इसी स्टॉक के चावल का वितरण कई राशन कार्डधारकों को भी किया जा चुका है। मामले के सामने आने के बाद ग्रामीणों ने खराब चावल के वितरण पर सवाल उठाए थे और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। प्रशासन की इस कार्रवाई को “खबर का असर” माना जा रहा है। अब यह भी मांग उठ रही है कि जिन हितग्राहियों को कीड़े लगे चावल वितरित किए गए हैं, उन्हें गुणवत्तायुक्त चावल उपलब्ध कराया जाए तथा पूरे मामले की जवाबदेही तय की जाए।







