खबर का असर: अंडा-खप्परवाडा पुलिया के टूटे डिवाइडर की हुई मरम्मत

अंडा। दुर्ग-बालोद मुख्य मार्ग पर अंडा और खप्परवाडा के बीच स्थित पुलिया के टूटे डिवाइडर को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होने के बाद बालोद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिया के क्षतिग्रस्त डिवाइडर की मरम्मत कर दी है।

गौरतलब है कि पुलिया का डिवाइडर पिछले 2 से 3 वर्षों से टूटा हुआ था, जिसके कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। कुछ महीना पहले शनिवार को इसी स्थान पर एक कार हादसे का शिकार हो गई थी। कार में चार लोग सवार थे, जो ग्राम दनिया के निवासी बताए गए। हादसे के बाद शीशा तोड़कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।

घटना के बाद पुलिया की बदहाल स्थिति को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी। इसके बाद PWD विभाग ने कार्रवाई करते हुए टूटे डिवाइडर को ठीक कर दिया। डिवाइडर की मरम्मत होने से अब इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय नागरिकों ने विभाग की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से बनी समस्या का समाधान खबर प्रकाशित होने के बाद हुआ है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया के आसपास सड़क की स्थिति में भी सुधार किया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

खबर का असर—वर्षों से टूटा पड़ा डिवाइडर अब बनाया गया, PWD की कार्रवाई से राहगीरों को मिली राहत।