रायपुर। छत्तीसगढ़ प्राचार्य फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल माननीय श्री कमल वर्मा जी, संरक्षक, छत्तीसगढ़ प्राचार्य फेडरेशन एवं प्रांतीय संयोजक, छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के नेतृत्व में आज प्राचार्यों की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह एवं संचालक, लोक शिक्षण डॉ. ऋतुराज रघुवंशी से महत्वपूर्ण चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्राचार्यों की पदोन्नति, लंबित समयमान वेतनमान, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (RMSA) के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में प्यून एवं लिपिक की व्यवस्था, शनिवार को प्रातःकालीन विद्यालय संचालन सहित प्राचार्यों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को विस्तारपूर्वक रखा गया।

इस दौरान प्राचार्यों की समस्याओं के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। चर्चा अत्यंत सकारात्मक रही तथा अधिकारियों द्वारा समस्याओं के शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया।

वरिष्ठ प्राचार्यों को समयमान वेतन प्रदान किए जाने के संबंध में सचिव महोदय ने सहमति व्यक्त करते हुए प्रस्ताव भेजने हेतु कहा। इस पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा उनके संज्ञान में लाया गया कि प्रस्ताव पूर्व में ही संचालक, लोक शिक्षण के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है। सचिव महोदय ने इस प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर समयमान वेतन स्वीकृत किए जाने का आश्वासन दिया।
इसी प्रकार प्राचार्यों की पदोन्नति के मुद्दे पर भी शीघ्र आवश्यक कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया गया।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (RMSA) अंतर्गत संचालित विद्यालयों में अंशकालीन स्वीपर,प्यून एवं लिपिक की व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि वर्तमान में विभाग में उपलब्ध अमले से आवश्यकतानुसार व्यवस्था किए जाने की दिशा में कार्यवाही की जाएगी। इससे RMSA विद्यालयों में सहायक कर्मचारियों की कमी को दूर करने की उम्मीद जगी है।
शनिवार को प्रातःकालीन विद्यालय संचालन के संबंध में भी अधिकारियों ने सहमति व्यक्त करते हुए इस संबंध में शीघ्र आदेश जारी किए जाने हेतु आश्वस्त किया।
इस दौरान शिक्षा विभाग की ज्वलंत समस्या TET के संबंध में भी प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तार से चर्चा की गई। इस विषय पर अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत करते हुए ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही, शिक्षकों की पदोन्नति के संबंध में भी सारगर्भित चर्चा हुई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्राचार्य फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष श्री एम.आर. खान, प्रमुख सलाहकार श्री अनुराग ओझा, प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह ठाकुर एवं डॉ. भारती अग्रवाल, प्रांतीय कोषाध्यक्ष श्रीमती चमेली वर्मा, प्रांतीय सचिव डॉ. अनुपमा श्रीवास्तव, प्राचार्य श्री मनोज कुमार मेरसा तथा छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, गरियाबंद के महासचिव श्री बसंत त्रिवेदी सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
फेडरेशन ने विश्वास व्यक्त किया कि विभागीय अधिकारियों द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासनों के अनुरूप प्राचार्यों की लंबित समस्याओं के निराकरण की दिशा में शीघ्र ठोस एवं सकारात्मक कार्यवाही होगी तथा प्राचार्यों को उनके लंबित अधिकार एवं सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी।






