सेलूद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार स्मार्ट मीटर के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी जनआंदोलन के तहत जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में धौंराभाठा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर के विरोध में घर घर पहुँचकर स्मार्ट मीटर हटाने फार्म वितरित कर भरवाया गया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर जनता के हित में नहीं, बल्कि आम उपभोक्ताओं से अधिक बिजली बिल वसूलने का माध्यम बन चुके हैं। प्रदेशभर से स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। गरीब, किसान, मजदूर, मध्यमवर्गीय परिवार और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर इस जनविरोधी योजना का सड़क से सदन तक विरोध करेगी। सरकार यदि समय रहते स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर पुनः स्थापित नहीं करती है, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कांग्रेस हमेशा जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी बिजली उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं को सुनने के बजाय जबरन निर्णय थोप रही है, जिसे प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। स्मार्ट मीटर के नाम पर प्रदेश की जनता को आर्थिक रूप से परेशान किया जा रहा है। कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेगी तथा उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
इस दौरान जामवंत गजपाल, लोचन यादव, पालेश्वर ठाकुर, शेखर चंद्राकर, बेनी ठाकुर, अगेश्वर साहू, गोपाल ठाकुर, विक्की चंद्राकर, भूषण साहू, जयप्रकाश साहू, स्नेहा डहरिया, यशवंत ठाकुर, राजू ठाकुर, सागर सेन, रेखू साहू, हितेश साहू, दिनेश साहू, नरेंद साहू, कामेश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।







