रानीतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक गुंडा बदमाश के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा

रानीतराई।  दुर्ग जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक गुंडा बदमाश के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, भैंसुली निवासी केशव साहू के खिलाफ एक जून 2026 को अरविंद ढीमर की शिकायत पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया था। अपराध जमानती होने के कारण आरोपी को पहले जमानत पर रिहा किया गया था।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी प्रार्थी और गवाहों के प्रति लगातार मनमुटाव रख रहा था और उन्हें मामले को लेकर डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था। इसके मद्देनजर रानीतराई पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा क्रमांक 17/42 के तहत आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की और उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया।

आरोपी की पहचान केशव साहू, पिता भानू प्रताप साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी भैंसुली, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में गुंडागर्दी, धमकी या असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।