सोमनापुर में महिलाओं और बेटियों ने वृक्षारोपण कर, बांधी राखी


पंडरिया। विकासखंड पंडरिया के अंतर्गत ग्राम सोमनापुर (नया) के हाई स्कूल परिसर में रक्षाबंधन के पर्व पर सद्गुरु सत्संग समिति की महिलाओं एवं बेटियों ने वृक्षारोपण कर और पेड़ों पर राखी बांधकर पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया।


इको क्लब के मास्टर ट्रेनर एवं व्याख्याता संतोष कुमार साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं द्वारा वृक्षारोपण करना और पौधों को रक्षा सूत्र बांधना पर्यावरण संरक्षण का अनूठा और प्रेरणादायक संदेश है। यह परंपरा भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और जुड़ाव को दर्शाती है।


इसी कड़ी में समिति की अध्यक्ष मंजू पटेल ने कहा कि इससे समाज में अधिक से अधिक पौधे लगाने और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याओं से निपटने की प्रेरणा मिलती है। इस दौरान महिलाओं ने गांव में अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्राचार्य सहारुद्दीन, व्याख्याता संतोष कुमार साहू, योगेश कुमार गुरुदिवान, ज्योति ध्रुव, महेंद्र कंठले, अध्यक्ष अनुसुइया पटेल, तील बाई, मंजू, सुमित्रा, परन्त बाई, सती, दूजिया, परेमा, ललिता पटेल, भीखू पटेल एवं समिति की समस्त महिलाएं उपस्थित थीं।