ग्राम दलपुरवा में युवाओं द्वारा प्रतिदिन निकाली जा रही प्रभात फेरी, ग्रामीणों से एक मुट्ठी चावल का संग्रहण


पंडरिया।ब्लाक के ग्राम दलपुरवा में युवाओं ने एक अनूठी और सराहनीय पहल की शुरुआत की है। गांव के युवाओं द्वारा प्रतिदिन सुबह प्रभात फेरी निकाली जा रही है।
प्रभात फेरी के दौरान युवा भजन-कीर्तन, रामधुन और “स्वच्छ गांव – सुंदर गांव” के नारों के साथ गांव की गलियों में भ्रमण करते हैं। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा स्वेच्छा से एक मुट्ठी चावल का संग्रहण भी किया जा रहा है।
युवाओं ने बताया कि एकत्र किए गए चावल का उपयोग गांव में होने वाले धार्मिक, सामाजिक और सेवा कार्यों में किया जाएगा। साथ ही जरूरतमंद परिवारों की सहायता में भी इसका उपयोग होगा।
प्रभात फेरी से गांव में सुबह का वातावरण भक्तिमय और सकारात्मक हो गया है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी बड़ी संख्या में इस फेरी में शामिल हो रहे हैं। प्रभात फेरी के माध्यम से युवाओं द्वारा स्वच्छता, नशा मुक्ति, वृक्षारोपण और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया जा रहा है।ग्राम पंचायत दलपुरुवा ने युवाओं की इस पहल की सराहना की है और कहा है कि युवाओं का यह प्रयास गांव की संस्कृति और परंपरा को जीवित रखने का उत्तम उदाहरण है।