रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित भारत माता चौक में रायपुर लोधी समाज द्वारा बहुप्रतीक्षित लोधी भवन एवं प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीरांगना की आदमकद प्रतिमा का भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में समाजजनों की गरिमामयी उपस्थिति ने सामाजिक एकजुटता और अखंडता का परिचय दिया।प्रदेशाध्यक्ष के रायपुर आगमन पर सर्किल पदाधिकारियों ने आतिशबाजी, फूल-माला, आरती एवं तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत श्री सत्यनारायण हवन-पूजन से हुई, जिसके बाद लोधी भवन परिसर में स्थापित वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण मुख्य अतिथि घनश्याम वर्मा एवं क्षेत्रीय पार्षद के करकमलों से किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री , प्रदेश उपाध्यक्ष एवं युवा प्रदेश अध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायपुर लोधी समाज के अध्यक्ष ने की।अपने संबोधन में तेजशंकर जंघेल ने रायपुर लोधी समाज के कार्यों की सराहना करते हुए रामनगर सर्किल के लिए लोधी भवन को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सर्किल पदाधिकारियों एवं पार्षद के अथक प्रयासों का परिणाम है। साथ ही जिला अस्पताल के नामकरण एवं नवा रायपुर में समाज के लिए भूमि आबंटन और राशि स्वीकृति की मांग को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की बात कही गई। कार्यक्रम में सामाजिक वरिष्ठजन, जिला एवं सर्किल पदाधिकारी, रामनगर सर्किल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में महिला शक्ति और समाजजन उपस्थित रहे। अंत में सर्किल सचिव ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की जानकारी महासचिव ने दी।






