बटंग। ग्राम बटंग में पटेल एवं निषाद समाज के नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इसी अवसर पर महाराज श्री गुहा निषादराज जयंती एवं पारंपरिक मेला मंडाई का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत दुर्ग की सभापति श्रीमती नीलम चंद्राकर रहीं। विशेष अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने की।
समारोह की शुरुआत पारंपरिक कलश यात्रा के साथ हुई, जो ग्राम के प्रमुख मार्गों से होकर निकाली गई। इसके पश्चात सामाजिक भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज की प्रतिभाओं का सम्मान कर उन्हें प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
अतिथियों ने अपने संबोधन में सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कृति संरक्षण और युवाओं के मार्गदर्शन पर जोर दिया तथा समाज के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मेला मंडाई में सांस्कृतिक गतिविधियाँ और पारंपरिक आयोजन आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्रामवासियों एवं समाज के पदाधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा।







