कुर्मी समाज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण एवं सम्मान समारोह संपन्न, समाज की एकजुटता और शिक्षा पर दिया जोर

रुपेश कुमार वर्मा

अर्जुनी। छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज अर्जुनी राज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण एवं सम्मान समारोह 22 नवंबर को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल अर्जुनी में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्व, उच्च शिक्षा, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री टंकराम वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अध्यक्ष खोड़स राम कश्यप ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी, भारत माता, छत्रपति शिवाजी महाराज, छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण स्वप्न दृष्टा डॉ. खूबचंद बघेल स्वामी आत्मानंद एवं सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्रों पर गुलाल, पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगीत वंदे मातरम् राजगीत आर पैरी व समाज गीत के साथ राष्ट्रगान का गायन किया गया। अतिथियों का समाज की ओर से शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि कुर्मी समाज मूलतः कृषक समाज है, लेकिन शिक्षा के माध्यम से समाज ने आज विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। समाज के लोग देश के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जो समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं, ताकि समाज के संस्कार, मर्यादा एवं सामाजिक मूल्यों को सुरक्षित रखा जा सके। इस अवसर पर उन्होंने वर्मा समाज भवन के अहाता निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की, जिसका उपस्थित समाजजनों ने स्वागत किया।

केंद्रीय अध्यक्ष खोड़स राम कश्यप ने कहा कि वर्मा समाज एक सक्षम एवं समृद्ध समाज है, जिसमें नेतृत्व करने तथा देश और समाज को आगे बढ़ाने की क्षमता है। शिक्षा के क्षेत्र में समाज के लोगों की बढ़ती उपलब्धियां गर्व का विषय हैं। उन्होंने समाज की एकजुटता, सहयोग एवं विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारा समाज मेहनतकश समाज है। हमारे पूर्वज जिस परिश्रम और लगन से जीवनयापन करते थे, उसी परंपरा को आज भी समाज के लोग आगे बढ़ा रहे हैं। समय के साथ समाज की सोच, उदारता, रहन-सहन एवं कार्यक्षेत्र में बदलाव आया है। शिक्षा के क्षेत्र में बच्चे गांव एवं समाज का नाम रोशन कर रहे हैं, वहीं कृषि के साथ व्यवसाय के क्षेत्र में भी समाज आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नशाखोरी को समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि समाज को इससे मुक्त करने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। नशामुक्त समाज ही वास्तविक विकास की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

इस दौरान मंत्री टंकराम वर्मा ने क्लस्टर भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये, नया तालाब एवं मुक्तिधाम के लिए 7 लाख रुपये तथा कुर्मी समाज और साहू समाज के भवनों के अहाता निर्माण के लिए 15-15 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही बजरंग चौक स्थित हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। इन घोषणाओं पर समाजजनों ने हर्ष व्यक्त किया।

समाज के लोगों ने भी सामाजिक सहयोग और समर्पण का परिचय देते हुए वर्मा भवन क्षेत्र में एक-एक कमरे के निर्माण की घोषणा की। इसमें आशाराम वर्मा, रामचरण वर्मा, जनकराम वर्मा एवं बुधेलाल वर्मा शामिल हैं।

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा बस्तरिहा गीत पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रस्तुति से प्रभावित होकर वर्मा समाज के राज प्रधान ने बच्चों को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में भवन निर्माण में सहयोग देने वाले दानदाताओं का मंच पर स्वागत एवं सम्मान किया गया। साथ ही समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन पेंगन लाल वर्मा ने किया। इस अवसर पर हरीराम वर्मा राज प्रधान अर्जुनी राज, लक्ष्मी बघेल पूर्व विधायक बलौदाबाजार कृष्ण कुमार नायक केंद्रीय संरक्षक, गीता डोमन वर्मा सभापति जिला पंचायत, दीप्ति गोविंद वर्मा सभापति जिला पंचायत, सुमन योगेश वर्मा उपाध्यक्ष जनपद पंचायत, चित्ररेखा साहू, वेदेश्वरी त्रिलोक यादव जनपद सभापति, कविता भगेला ध्रुव सरपंच अर्जुनी, रविशंकर वर्मा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भाजपा, जवाहर लाल वर्मा, डमरूधर वर्मा, संदीप वर्मा ग्राम रुपेश कुमार वर्मा मीडिया प्रभारी अर्जुनी राज राकेश कुमार वर्मा कोषाध्यक्ष अर्जुनी राज, विजय वर्मा सदस्य युवा प्रकोष्ठ पंकज वर्मा ,नेतराम वर्मा सुरेन्द्र वर्मा, भीमेंद्र वर्मा, मनीष वर्मा, देवकुमार वर्मा, रमेश वर्मा ,सालिक वर्मा, मिलन वर्मा ,राधेश्याम वर्मा संतोष वर्मा, भीम वर्मा, अनुराग वर्मा,पुरुषोत्तम लाल वर्मा, हरीश वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में स्वजातीय व गणमान्य उपस्थित रहे।