IND vs AFG: रोहित-रिंकू के तूफान के बाद चिन्नास्वामी में लगा दो-दो सुपर ओवर का तड़का, भारत ने रोमांचक मैच जीता

स्पोर्ट डेस्क

रोमांच का चरम क्या होता है, यह भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरे टी20 में देखने को मिला। भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में अफगानिस्तान का सूपड़ा साफ कर दिया है। पहला और दूसरा टी20 छह-छह विकेट से जीतने के बाद टीम इंडिया ने तीसरे टी20 में डबल सुपर ओवर में अफगानिस्तान को हरा दिया। निर्धारित 20 ओवर में भारत ने रोहित शर्मा की नाबाद 121 रन की पारी और रिंकू सिंह के नाबाद 69 रन की बदौलत भारत ने चार विकेट पर 212 रन बनाए थे। जवाब में अफगानिस्तान की टीम भी 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 212 रन बना सकी। मैच टाई हुआ और सुपर ओवर में पहुंचा।

सुपर ओवर में क्या हुआ?
पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 रन बनाए। जवाब में भारत भी 16 रन बना सका। दूसरे सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 11 रन बनाए और फिर अफगानिस्तान को एक रन ही बनाने दिया।अफगानिस्तान की टीम ने तीन गेंद में ही दो विकेट गंवा दिए और इस तरह टीम इंडिया ने जीत हासिल की। रवि बिश्नोई दूसरे सुपर ओवर में गेंदबाजी के लिए आए और अफगानिस्तान की टीम उनके फिरकी में फंस गई। तीन गेंद में ही उन्होंने मोहम्मद नबी और रहमनुल्लाह गुरबाज के दो विकेट लिए। एक सुपर ओवर में किसी एक टीम के दो विकेट गिरने पर पारी वहीं समाप्त हो जाती है

रोहित का सर्वश्रेष्ठ टी20 स्कोर
121 रन रोहित का इस प्रारूप में उच्चतम स्कोर है। इससे पहले उन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 118 रन बनाए थे। रोहित ने पांच साल दो महीने या फिर यूं कहें 62 महीने या फिर यू कहें 1899 दिन बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाया है। पिछला शतक उन्होंने नवंबर 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था। अफगानिस्तान की ओर से फरीद अहमद ने तीन विकेट झटके। वहीं, अजमतुल्लाह ओमरजई को एक विकेट मिला।

आखिरी पांच ओवर में तूफानी बैटिंग
आखिरी पांच ओवर में भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 103 रन बनाए। आखिरी ओवर में करीम जनत गेंदबाजी के लिए आए और इस ओवर में रोहित और रिंकू ने 36 रन बटोरे। पहली गेंद पर रोहित ने चौका लगाया। इसके बाद दूसरी गेंद पर रोहित ने छक्का लगाया। इसे नो बॉल दिया गया। फ्री हिट पर रोहित ने फिर छक्का जड़ा। तीसरी गेंद पर रोहित ने एक रन लिया। चौथी गेंद पर रिंकू ने छक्का जड़ा। इसके बाद आखिरी तीन गेंद पर रिंकू ने लगातार तीन छक्के जड़े।