IND vs AFG: वनडे में सर्वाधिक बार 400 रनों का आंकड़ा पार करने वाला देश बना भारत, दक्षिण अफ्रीका की बराबरी की

Cricket News.भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में शानदार प्रदर्शन किया और 400 रनों का आंकड़ा पार किया। भारत ने आठवीं बार वनडे में इतने रन बनाए हैं। भारत के लिए इस मैच में कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन ने दमदार प्रदर्शन किया।

इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 402 रन बनाए। भारत ने वनडे इतिहास में आठवीं बार 400 रनों का आंकड़ा पार किया है और वह इस मामले में दक्षिण अफ्रीका की बराबरी पर पहुंच गया है। भारत के लिए इस मैच में गिल और ईशान ने दमदार बल्लेबाजी की और दोनों बल्लेबाजों ने शतक लगाए। 

मैच में भारत ने दमदार प्रदर्शन किया और 170 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। भारत ने इस तरह सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। अब दोनों टीमों के बीच 20 जून को चेन्नई में तीसरा और अंतिम मुकाबला खेला जाएगा।

वनडे में किसने कितनी बार बनाए 400+ रन

  • भारत ने वनडे में आठवीं बार 400+ रन बनाए जो संयुक्त रूप से सर्वाधिक है।
  • भारत के अलावा दक्षिण अफ्रीका ने भी वनडे में आठ बार 400+ रन बनाए हैं। 
  • वहीं, इंग्लैंड ने सात बार वनडे में 400 रनों का आंकड़ा पार किया है।
  • वनडे विश्व कप की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार 400+ का स्कोर पार किया है।

भारत का अफगानिस्तान के खिलाफ सर्वोच्च टोटल
भारत ने इस तरह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में अपना सर्वोच्च टोटल बनाया। इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा टोटल खड़ा करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है जिसने 2015 में छह विकेट पर 417 रन बनाए थे। वहीं, इंग्लैंड ने 2019 में अफगानिस्तान के खिलाफ छह विकेट पर 397 रन और श्रीलंका ने 2024 में तीन विकेट पर 381 रन बनाए थे। 

भारतीय गेंदबाजों के सामने नहीं टिक सका अफगानिस्तान
लक्ष्य का पीछा करे हुए अफगानिस्तन की टीम अर्शदीप, गुरनूर बरार और प्रिंस यादव की तेज गेंदबाजी तिकड़ी के सामने कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी। अफगानिस्तान की ओर से रहमत शाह ने 89 गेंद में आठ चौकों से सर्वाधिक 79 रन बनाए, जबकि सेदिकुल्लाह अटल (42) और रहमानुल्लाह गुरबाज (41) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। अफगानिस्तान को पिछले मैच के शतकवीर रहमानुल्लाह गुरबाज ने एक बार फिर तेज शुरुआत दिलाई। गुरबाज सातवें ओवर में भाग्यशाली रहे जब पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की गेंद को हवा में लहराकर अर्शदीप सिंह को कैच बैठे लेकिन यह नोबॉल हो गई।

गुरबाज हालांकि जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और अगले ओवर में गुरनूर बरार की गेंद पर विकेटकीपर लोकेश राहुल को कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का मारा। अफगानिस्तान के रनों का शतक 20वें ओवर में पूरा हुआ। गुरनूर ने मोहम्मद सलीम (09) को बोल्ड करके अपना तीसरा विकेट हासिल किया, जबकि प्रिंस ने रहमत को आउट करके अफगानिस्तान की पारी का अंत किया। डार्विश रसूली (06) रिटायर्ड हर्ट हुए। भारत के लिए अर्शदीप और गुरनूर ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि प्रिंस को दो विकेट और वाशिंगटन को एक सफलता मिली।