IND vs AUS 1st T20: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर रचा इतिहास; सूर्यकुमार चमके, रिंकू ने आखिरी ओवर में दिलाई जीत

स्पोर्ट्स डेस्क…..भारत ने विशाखापट्टन में पांच टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। उसने गुरुवार (23 नवंबर) को मिली इस जीत के साथ ही सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। भारत ने अपने टी20 इतिहास में सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया है। उसने चार साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। तब टीम इंडिया हैदराबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ 208 रन बनाकर मैच जीती थी।

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 में दूसरी बार 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल किया है। पिछली बार टीम इंडिया ने राजकोट में ऐसा किया था। 2013 में भारत 202 रन बनाकर जीता था। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 मैचों में यह छठा अवसर था तब पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 190 या उससे ज्यादा रन बनाए। दुर्भाग्य से हर बार उस टीम को हार का सामना करना पड़ा। 

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को छोड़ा पीछे
भारत के नए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 208 रन बनाए। टीम इंडिया ने 19.5 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन बनाकर मैच को जीत लिया। भारत ने पांचवीं बार टी20 में 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल किया है। इस मामले में उसने दक्षिण अफ्रीका को पीछे छोड़ दिया। अफ्रीकी टीम ने चार बार ऐसा किया है। तीसरे स्थान पर पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया संयुक्त रूप से है। दोनों ने तीन-तीन बार टी20 में 200 से ज्यादा रन के लक्ष्य को हासिल किया है।

15 गेंद के अंदर दोनों ओपनर हुए थे आउट
209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के दोनों ओपनर बल्लेबाज 15 गेंद के अंदर पवेलियन लौट गए। ऋतुराज गायकवाड़ पहले ओवर में खाता खोले बगैर रन आउट हो गए। वह एक गेंद का सामना भी नहीं कर सके। तीसरे ओवर में यशस्वी जायसवाल पवेलियन लौट गए। यशस्वी ने आठ गेंद पर 21 रन बनाए। दो विकेट गिरने के बाद ईशन किशन और सूर्यकुमार ने पारी को संभाला।

ईशान और सूर्या ने की शतकीय साझेदारी
सूर्या और ईशान ने तीसरे विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की। सूर्यकुमार ने 42 गेंद पर 80 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए। ईशान किशन ने 39 गेंद पर 58 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और पांच छक्के उड़ाए। रिंकू सिंह 14 गेंद पर चार चौकों की मदद से नाबाद 22 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई। तिलक वर्मा ने 12 और अक्षर पटेल ने दो रन बनाए। रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह खाता नहीं खोल पाए। मुकेश कुमार शून्य पर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए तनवीर संघा ने दो विकेट लिए। जेसन बेहरेनडॉर्फ, मैथ्यू शॉर्ट और सीन एबॉट ने एक-एक विकेट लिए।