IND vs AUS: लाइव मैच में हाईवोल्टेज ड्रामा… कैच पकड़ा गया…वापस चल दिए राहुल, फिर बाउंड्री पर विराट रोके गए,VIDEO

Ind vs Aus test match

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में जारी डे नाइट टेस्ट में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। गुलाबी गेंद से खेले जा रहे इस टेस्ट के आठवें ओवर में केएल राहुल को दो गेंद के अंदर दो-दो जीवनदान मिले। इस ओवर में स्कॉट बोलैंड गेंदबाजी कर रहे थे। हालांकि, राहुल भाग्यशाली रहे कि टीम इंडिया को कोई नकुसान नहीं पहुंचा। राहुल तो पवेलियन चलते बने थे और विराट कोहली भी ड्रेसिंग रूम से बाउंड्री लाइन तक पहुंच गए थे। तभी मैदानी अंपायर ने अचानक दोनों को रोका और फिर जो हुआ, उसे देखकर कमेंटेटर से लेकर फैंस तक, हर कोई चौंक गया।

दरअसल, भारत की पहली पारी के दौरान आठवें ओवर में बोलैंड गेंदबाजी के लिए आए। बोलैंड को इस मैच में चोटिल जोश हेजलवुड की जगह ऑस्ट्रेलियाई प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। बोलैंड की पहली ही गेंद सटीक लाइन लेंथ पर रही और गेंद राहुल के बल्ले के बगल से होते हुए विकेटकीपर एलेक्स कैरी के दस्तानों में गई। बोलैंड ने अपील की और मैदानी अंपायर ने कैच आउट करार दिया।

इसके बाद राहुल निराश होकर पवेलियन लौटन लगे। वह तब खाता भी नहीं खोल सके थे। तभी स्क्रीन पर विराट को भी बल्लेबाजी के लिए आते हुए दिखाया गया। हालांकि, तभी अंपायर ने राहुल और विराट दोनों को रोका। फिर तीसरे अंपायर ने मैदानी अंपायर से नो बॉल का साइन देने कहा और इस तरह राहुल को जीवनदान मिला। हालांकि, गेंद बल्ले से नहीं लगी थी।

राहुल जिस तरह वापस लौट रहे थे, उससे लगा कि उन्हें यकीन था कि गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के पास पहुंची। हालांकि, कमेंटेटर ने कहा कि स्नीकोमीटर पर कोई हलचल नहीं दिखी और न ही उन्होंने डीआरएस लेने के बारे में सोचा भी। स्नीकोमीटर पर फ्लैट लाइन दिखी। बाउंड्री लाइन पर ख़ड़े विराट को फिर वापस लौटना पड़ा। राहुल का डीआरएस नहीं लेना भी चौंकाने वाला था।

राहुल अभी इससे ठीक तरीके से उबर भी नहीं पाए थे कि आठवें ओवर की ही पांचवीं गेंद पर बल्ले का किनारा लेकर गेंद एकबार फिर विकेट के पीछे स्लिप में उस्मान ख्वाजा के पास गई। हालांकि, ख्वाजा ने दाईं ओर डाइव लगाकर कैच लेने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथों से छिटक गई। इस तरह राहुल को पांच गेंदों के अंदर दो जीवनदान मिले। दो-दो जीवनदान मिलने के बाद राहुल ने अच्छी बल्लेबाजी की और कुछ बेहतरीन शॉट्स लगाए। हालांकि, 19वें ओवर में स्टार्क ने उन्हें मैकस्वीनी के हाथों कैच कराया। वह 37 रन बना सके। शुभमन के साथ दूसरे विकेट के लिए राहुल ने 69 रन की साझेदारी की।

इससे पहले भारत को मैच की पहली ही गेंद पर झटका लगा था। मिचेल स्टार्क ने यशस्वी जायसवाल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया था। वह खाता भी नहीं खोल सके। इस टेस्ट के लिए टीम इंडिया में तीन बदलाव हैं। कप्तान रोहित शर्मा, शुभमन गिल और रविचंद्रन अश्विन की वापसी हुई है। देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल और वॉशिंगटन सुंदर को बेंच पर बैठाया गया है।