स्पोर्ट डेस्क…
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी तीसरे टेस्ट मैच का तीसरा दिन समाप्त हो गया। भारतीय टीम ने यशस्वी जायसवाल के शतक के दम पर 322 रन की बढ़त हासिल कर ली। 104 रन बनाकर जायसवाल रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। इससे पहले इंग्लैंड ने पहली पारी में 319 रन बनाए। भारत ने दूसरी पारी की शुरुआत 126 रन की बढ़त के साथ की।

153 रन बनाकर पवेलियन लौटे डकेट
इंग्लैंड ने आज दो विकेट पर 207 रन से आगे खेलना शुरू किया और 112 रन बनाने में ही बाकी बचे आठ विकेट गंवा दिए। शुक्रवार को जैक क्राउली (15) और ओली पोप (39) आउट हुए थे। बुमराह ने शनिवार को विकेट का खाता खोला और उन्होंने जो रूट को पवेलियन भेजा। इसके बाद अगले ही ओवर में कुलदीप यादव ने जॉनी बेयरस्टो को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह खाता नहीं खोल सके। इस बीच बेन डकेट ने अपने 150 रन पूरे किए। हालांकि, इसके बाद वह ज्यादा देर नहीं टिक सके। कुलदीप ने फिरकी का जादू दिखाते हुए डकेट को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। वह 151 गेंद में 23 चौके और दो छक्के की मदद से 153 रन बना सके।
भारतीय गेंदबाजों के आगे नहीं चला ‘बैजबॉल’ का जोर
शनिवार को लंच तक बेन स्टोक्स और बेन फोक्स नाबाद थे। लंच से वापस आते ही इंग्लिश टीम को लगातार दो गेंद पर दो झटके लगे। इंग्लैंड की पारी के 65वें ओवर की आखिरी गेंद पर रवींद्र जडेजा ने बेन स्टोक्स को जसप्रीत बुमराह के हाथों कैच कराया था। वह 41 रन बना पाए थे। इसके अगले ओवर यानी 66वें ओवर की पहली गेंद पर मोहम्मद सिराज ने बेन फोक्स को रोहित के हाथों कैच कराया। फोक्स 13 रन बनाकर आउट हुए। 314 के स्कोर पर इंग्लैंड को दो और झटके लगे।
सिराज ने रेहान अहमद को क्लीन बोल्ड किया। वह छह रन बना सके। इसके अगले ही ओवर में जडेजा ने टॉम हार्टले को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों स्टंप कराया। इसके बाद सिराज ने जेम्स एंडरसन (1) को क्लीन बोल्ड कर इंग्लैंड की पारी को 314 रन पर समेट दिया। भारत की ओर से सिराज ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके। वहीं, कुलदीप और जडेजा को दो-दो विकेट मिले। बुमराह-अश्विन ने एक-एक विकेट लिया।
तीसरे दिन का खेल खत्म, भारत को मिली 322 रन की बढ़त
भारत ने दूसरी पारी की शुरुआत 126 रन की बढ़त के साथ की। जायसवाल ने अपने करियर का तीसरा टेस्ट शतक जड़ा। इससे पहले विशाखापत्तनम में खेले गए मैच में उन्होंने दोहरा शतक जड़ा था। वहीं, पहली पारी में शतक ठोकने वाले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 19 रन बना सके। फिलहाल शुभमन गिल 120 गेंदों में 65 और कुलदीप यादव 15 गेंदों में तीन रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 322 रन की बढ़त दर्ज कर ली है।