IND vs ENG: जसप्रीत बुमराह ने लॉर्ड्स में पहली बार लिए पांच विकेट, इस मामले में कपिल देव को पीछे छोड़ा

Cricket News

बुमराह भारत के 15वें गेंदबाज हैं जिन्होंने लॉर्ड्स में पांच या इससे अधिक विकेट लिए हैं। वहीं, बुमराह विदेशी धरती पर सर्वाधिक बार फाइव-फर लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।

भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन पहली पारी में पांच विकेट लिए। लॉर्ड्स में बुमराह ने पहली बार टेस्ट मैच की किसी पारी में इतने विकेट लिए हैं। बुमराह भारत के 15वें गेंदबाज हैं जिन्होंने लॉर्ड्स में पांच या इससे अधिक विकेट लिए हैं। वहीं, बुमराह विदेशी धरती पर सर्वाधिक बार फाइव-फर लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। 

दिग्गजों की सूची में हुए शामिल
बुमराह उन भारतीय गेंदबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने लॉर्ड्स मैदान पर फाइव-फर पूरे किए हैं। बुमराह से पहले मोहम्मद निसार, अमर सिंह, लाला अमरनाथ, वीनू मानकड़, रमाकांत देसाई, बीएस चंद्रशेखर, बिशन सिंह बेदी, कपिल देव, चेतन शर्मा, वेंकटेश प्रसाद, आरपी सिंह, प्रवीण कुमार, भुवनेश्वर कुमार और ईशांत शर्मा ऐसा कर चुके हैं।

दूसरे दिन बुमराह ने इंग्लैंड को दिए झटके
भारत ने तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन इंग्लैंड को चार विकेट लिए थे जिसमें से बुमराह को एकमात्र सफलता हैरी ब्रूक के रूप में मिली थी। बुमराह हालांकि, दूसरे दिन शानदार लय में नजर आए और उन्होंने पहले ही सत्र में इंग्लैंड को तीन झटके दिए। बुमराह ने पहले सत्र में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स (44), जो रूट (104) और क्रिस वोक्स (0) को अपना शिकार बनाया। बुमराह ने फिर जोफ्रा आर्चर को बोल्ड कर पारी में अपने पांच विकेट पूरे कर लिए। बुमराह की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से इंग्लैंड की पहली पारी में दूसरे दिन 387 रनों पर ऑलआउट हुई। इंग्लैंड के लिए रूट ने शतक लगाया, जबकि जैमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स ने अर्धशतक लगाए। भारत की ओर से बुमराह ने पांच विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और नीतीश कुमार रेड्डी को दो-दो विकेट लिए। वहीं, रवींद्र जडेजा ने एक विकेट लिया।

विदेशी धरती पर बुमराह का चमकना जारी
बुमराह विदेशी धरती पर शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं और उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर भी यह जारी रखा है। बुमराह ने लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में फाइव-फर लिया था और अब तीसरे टेस्ट में भी वह ऐसा करने में सफल रहे। बुमराह विदेश में सबसे ज्यादा बार पांच या इससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में कपिल देव को पीछे छोड़ दिया है। बुमराह ने 13वीं बार विदेश में टेस्ट मैच में फाइव-फर लिया है, जबकि कपिल ने 12 बार ऐसा किया था। अनिल कुंबले 10 और ईशांत शर्मा विदेश में सबसे ज्यादा बार एक पारी में पांच या इससे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।