IND vs PAK

Asia cup 2025
भारत का पाकिस्तान के खिलाफ पिछले कुछ वर्षों में रिकॉर्ड शानदार रहा है और टीम इंडिया की कोशिश फाइनल जीतकर पाकिस्तान पर अपने दबदबे को कायम रखने की होगी। वहीं, पाकिस्तान की नजर वापसी करने पर होगी। ऐसे में मैच के रोमांचक होने की पूरी संभावना है।
एशिया कप 2025 में टीम इंडिया का फाइनल मुकाबला पाकिस्तान के साथ है। यह मुकाबला 28 सितंबर को दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत ने इसी टूर्नामेंट में पाकिस्तान को दो बार हराया है। ग्रुप स्टेज में सात विकेट से जीत के बाद भारतीय टीम ने सुपर-4 राउंड में छह विकेट से जीत हासिल की थी। टीम इंडिया की कोशिश जीत का सिलसिला बरकरार रखने की होगी।
भारत का रिकॉर्ड बेहतर
भारत का पाकिस्तान के खिलाफ पिछले कुछ वर्षों में रिकॉर्ड शानदार रहा है और टीम इंडिया की कोशिश फाइनल जीतकर पाकिस्तान पर अपने दबदबे को कायम रखने की होगी। वहीं, पाकिस्तान की नजर वापसी करने पर होगी। ऐसे में मैच के रोमांचक होने की पूरी संभावना है। यहां हम दोनों टीमों के बीच एशिया कप (वनडे और टी20 मिलाकर) के सात सबसे यादगार मुकाबलों के बारे में बता रहे हैं, जहां रोमांच की सारी हदें पार हो गईं और टक्कर दिलचस्प रही। वहीं, कुछ मैचों में पाकिस्तान को भारत का पराक्रम झेलना पड़ा।
अख्तर और हरभजन में हुई थी बहस
एशिया कप 2010 के चौथे मैच में भारत का मुकाबला पाकिस्तान से हुआ था। पाकिस्तानी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 267 रन बनाए थे। भारत की ओर से गौतम गंभीर ने 83 और महेंद्र सिंह धोनी 56 रन बनाए। आखिरी ओवर में सुरेश रैना (34 रन) के आउट होने के बाद ऐसा लगा कि टीम इंडिया मैच हार जाएगी, लेकिन हरभजन ने मोहम्मद आमिर की गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी थी। हरभजन ने इस मैच में अख्तर की गेंद पर छक्का लगाया था। उसके बाद यह पाकिस्तान गेंदबाज गुस्से में आ गया था। वह हरभजन से भिड़ गए था। भज्जी ने भी अपने अंदाज में अख्तर को जवाब दिया।
कोहली ने खेली करियर की सबसे बड़ी पारी
2012 एशिया कप में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला विराट कोहली के लिए यादगार रहा। मीरपुर में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में छह विकेट पर 329 रन बनाए। नासिर जमशेद ने 112 और मोहम्मद हफीज ने 105 रन बनाए थे। भारत को जीत के लिए 330 रनों का पहाड़ लक्ष्य मिला। इसे टीम इंडिया ने 13 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया था। विराट ने अपनी करियर की सबसे बड़ी पारी खेली थी। उन्होंने 148 गेंदों पर 183 रन बनाए। इस दौरान कोहली ने 22 चौके और दो छक्के लगाए। रोहित शर्मा ने 68 और सचिन तेंदुलकर ने 52 रन बनाए थे।
अफरीदी के दो यादगार छक्के
2014 एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच एक और रोमांचक मैच खेला गया था। इस मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 245 रन बनाए थे। अंबाती रायुडू ने 58, रोहित शर्मा ने 56 और रवींद्र जडेजा ने नाबाद 52 रन बनाए थे। भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन शाहीद अफरीदी ने अंत में मैच को पलट दिया। आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 10 रन बनाने थे। कप्तान धोनी ने गेंदबाजी के लिए रविचंद्रन अश्विन को बुलाया। अश्विन ने पहली गेंद पर अजमल को आउट कर दिया। ऐसा लगा भारत मैच जीत लेगा। जुनैद ने अगली गेंद पर एक रन ले लिया। अफरीदी स्ट्राइक पर आ गए। भारत को जीत के लिए एक विकेट लेने थे। वहीं, पाकिस्तान को नौ रन की आवश्यकता थी। अफरीदी ने तीसरी और चौथी गेंद पर छक्का लगाकर मैच समाप्त कर दिया।
आमिर ने फेंका था खतरनाक स्पेल
एशिया कप 2016 में जब भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हुआ तो मोहम्मद आमिर की खतरनाक गेंदबाजी देखने को मिली थी। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी की। टीम 20 ओवर भी नहीं खेल पाई। 17.3 ओवर में 83 रनों पर ढेर हो गई। 84 रन के लक्ष्य को देखकर ऐसा लगा था कि टीम इंडिया इसे आसानी से हासिल कर लेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मोहम्मद आमिर ने अपने शुरुआती दो ओवरों में तीन विकेट लेकर सनसनी मचा दी थी। उन्होंने पहले ओवर में अजिंक्य रहाणे (00) और रोहित शर्मा (00) को आउट किया। दूसरे ओवर में सुरेश रैना (01) को पवेलियन भेज दिया। मुश्किल परिस्थितियों में कोहली का बल्ला फिर चला। उन्होंने 49 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। भारत ने 15.5 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल किया था। कोहली के अलावा युवराज ने 14 रन और धोनी ने नाबाद सात रन बनाए थे।
धवन और रोहित ने किया था धमाका
एशिया कप के पिछले संस्करण में भारत और पाकिस्तान के बीच दो मुकाबले हुए थे। सुपर-4 वाले मैच में रोहित शर्मा और शिखर धवन ने धमाकेदार प्रदर्शन किया था। दुबई में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 237 रन बनाए। शोएब मलिक ने 78 रनों की पारी खेली थी। जवाब में टीम इंडिया ने 63 गेंद शेष रहते हुए नौ विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। शिखर धवन ने 114 और रोहित शर्मा ने नाबाद 111 रन बनाए थे। दोनों पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी।
कोहली-राहुल के शतक के बाद कुलदीप का कहर
भारतीय टीम ने 2023 एशिया कप (वनडे प्रारूप) में पाकिस्तान के खिलाफ 228 रन से बड़ी जीत हासिल की थी। वनडे इतिहास में रनों के हिसाब से भारत की पाकिस्तान पर यह सबसे बड़ी जीत थी। इससे पहले टीम इंडिया ने उसे 2008 एशिया कप के दौरान बांग्लादेश के मीरपुर में 140 रन से हराया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली और लोकेश राहुल के शतक की बदौलत दो विकेट खोकर 356 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 32 ओवर में आठ विकेट पर 128 रन ही बना पाई। चोटिल हारिस रऊफ और नसीम शाह बल्लेबाजी के लिए नहीं आए। कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आठ ओवर में 25 रन देकर पांच विकेट लिए। भारत के गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज पूरी तरह फेल रहे। टीम के सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके।
अभिषेक-गिल ने पाकिस्तान को किया फेल
भारत ने एशिया कप के सुपर चार चरण के मैच में पाकिस्तान को छह विकेट से हराकर विजयी अभियान जारी रखा। भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पाकिस्तान ने साहिबजादा फरहान के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 171 रन बनाए। जवाब में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने भारत को दमदार शुरुआत दिलाई और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई। भारत ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 174 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। भारत के लिए अभिषेक ने शानदार बल्लेबाजी की और 39 गेंदों पर छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से 74 रन बनाए। उन्होंने गिल के साथ पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी की। गिल ने 28 गेंद में 47 रन की पारी खेली।






