शैलदेवी महाविद्यालय में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

अंडा। शैलदेवी महाविद्यालय, अंडा में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमामय एवं देशभक्तिपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजन कुमार दुबे, संचालक, शैलदेवी महाविद्यालय, अंडा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राजन कुमार दुबे ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि एक महान जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि हमारा राष्ट्र तब महान बनेगा, जब हम संकुचित विचारधाराओं का त्याग कर उदारता एवं समन्वय की भावना के साथ देश की उन्नति के लिए श्रेष्ठ कार्य करेंगे। जब तक हम जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्रीयता, रंग-रूप एवं वेशभूषा आदि के आधार पर बनी संकीर्ण मानसिकताओं से ऊपर नहीं उठेंगे, तब तक न तो वास्तविक सामाजिक विकास संभव है और न ही राष्ट्र की समग्र प्रगति। अतः हमें इन सभी संकीर्णताओं को पीछे छोड़कर एकजुटता, सद्भाव और राष्ट्रहित की भावना के साथ आगे बढ़ना होगा। तभी राष्ट्र की सच्ची जय होगी और भारत पुनः विश्वगुरु के गौरव को प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर होगा।


उन्होंने कहा कि आज के युवा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, प्रतिभा, अनुशासन, संस्कार एवं रचनात्मक ऊर्जा का उपयोग राष्ट्रहित में करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति की भावना से भर दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।


इस अवसर पर महाविद्यालय के एनएसएस इकाई के 26 स्वयंसेवकों को ‘बी’ प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही जिला स्तरीय प्रतियोगिता “नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत” में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में बीएससी. बीएड. चतुर्थ वर्ष के पुष्पराज साहू एवं बीएससी. बीएड. तृतीय वर्ष के हरीश वर्मा ने तृतीय स्थान, डी.एल.एड. के लक्ष्मी नारायण समूह ने तृतीय स्थान तथा बी.एड. के दिव्या देवांगन समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के लिए सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।


कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूरे परिसर में “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के उद्घोष से देशभक्ति का वातावरण निर्मित हो गया।
समारोह के अंत में स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, समृद्धि एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
शैलदेवी महाविद्यालय परिवार की ओर से समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।