सरस्वती शिशु मंदिर अर्जुनी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

अर्जुनी। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अर्जुनी में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महावीर शिक्षण समिति अर्जुनी के अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद शर्मा ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद भारत माता की आरती, अटल चौक एवं सोसाइटी परिसर में घोष दल के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मातृ वंदना के साथ हुआ। अतिथियों के परिचय एवं स्वागत के बाद भैया-बहनों ने स्वतंत्रता दिवस पर विचार एवं कविताएं प्रस्तुत कीं। सत्र 2025-26 में बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न प्रोत्साहनदाताओं द्वारा प्रोत्साहन राशि एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।


विद्यालय के बोर्ड कक्षा के पांच विद्यार्थियों से सतत संपर्क बनाकर बेहतर परिणाम दिलाने वाले आचार्यों को पुरस्कार देने की घोषणा के तहत तीन आचार्यों फाल्गुनी वर्मा, शीतल वर्मा एवं रिपुसूदन श्रीवास को 2-2 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं अखिल भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अभिभावकों को भी प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महावीर शिक्षण समिति के सचिव डमरूधर वर्मा ने स्वतंत्रता प्राप्ति के इतिहास एवं अमर बलिदानियों की वीरता पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रध्वज का सदैव सम्मान करने तथा राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार जैन ने अमर शहीदों के बलिदान को याद रखने और स्वदेश प्रेम की भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

मुख्य अतिथि एवं समिति अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद शर्मा ने विद्यालय के विकास, उत्कृष्ट शिक्षा, विद्यार्थियों में संस्कार, पढ़ाई के साथ खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में सहभागिता तथा देशप्रेम की भावना पर अपने विचार रखे। जनपद सभापति त्रिलोक यादव ने विद्यार्थियों की सफलता एवं बेहतर अंक प्राप्त करने पर उन्हें बधाई देते हुए उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यालय में नवनिर्मित स्मार्ट क्लास एवं स्मार्ट बोर्ड का अतिथियों द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य चैन सिंह वर्मा ने सभी प्रोत्साहनदाताओं एवं अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया। मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर महावीर शिक्षण समिति के अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद शर्मा, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार जैन, कोषाध्यक्ष जवाहरलाल वर्मा, सचिव डमरूधर वर्मा, सहसचिव अरुण कुमार सेन, सदस्य नेतराम वर्मा, गजाधर वर्मा, मुरारी वर्मा, जनपद सभापति प्रतिनिधि त्रिलोक यादव, पत्रकार मिथिलेश कुमार सेन, प्राचार्य चैन सिंह वर्मा सहित विद्यालय के आचार्य-दीदी, भैया-बहन, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।