पाटन। कृष्णा किड्स वर्ल्ड स्कूल, पाटन में 15 अगस्त के अवसर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत कर देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया।

समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविताएं एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मयंक कटकवार सर ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता हमें अनेक वीरों के त्याग और बलिदान से प्राप्त हुई है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर शिक्षा प्राप्त करने, अनुशासन का पालन करने तथा भविष्य में देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

वहीं विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती अनुपमा उपाध्याय मैडम जी ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन, मेहनत और देशप्रेम भी विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने सभी बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनकर देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के मुख्य अतिथि श्री हर्ष भाले सर जी ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ केवल स्वतंत्र होना नहीं, बल्कि अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को समझना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने तथा जीवन में निरंतर मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल देश का नेतृत्व करेंगे, इसलिए उनमें राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और तिरंगे की छटा से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
समारोह के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।






