T 20 world cup 2026

भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराकर सेमीफाइनल की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए हैं। अब टीम इंडिया का सामना 1 मार्च को वेस्टइंडीज से होगा।
गुरुवार को टी20 विश्व कप के सुपर-8 मैच में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। टीम इंडिया ने अभिषेक शर्मा (55) और हार्दिक पांड्या (50*) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 256 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित ओवरों में छह विकेट पर सिर्फ 184 रन ही बना सकी। उनके लिए ब्रायन बेनेट ने 97 रनों की नाबाद पारी खेली
दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचा
ग्रुप-1 से दक्षिण अफ्रीका ने क्वालिफाई कर लिया है। इससे पहले ग्रुप-2 से इंग्लैंड की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। वहीं, भारत अगर अपने अगले मैच में वेस्टइंडीज को मात दे देता है तो वह भी सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। जिम्बाब्वे इस हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
एक स्थान के लिए दो टीमों में जंग
भारत की जीत से जिम्बाब्वे का सफर टी20 विश्व कप में समाप्त हो गया है। ग्रुप-1 से सेमीफाइनल की दौड़ में अब वेस्टइंडीज और भारत शामिल है। दक्षिण अफ्रीका ने लगातार दो मैच जीतकर स्थिति मजबूत कर ली थी और भारत की जीत से वह सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहा। अब अगर भारत अपना आखिरी मैच जीत जाए तो ग्रुप-1 से भारत और दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगे।
भारत ने विशाल लक्ष्य का किया बचाव
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 256 रन बनाए। यह टी20 विश्व कप में भारत का सर्वोच्च स्कोर है। भारतीय टीम इस लक्ष्य का बचाव करने में सफल रही और जिम्बाब्वे की टीम को 72 रनों से हराया। जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने शानदार पारी खेली, लेकिन टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 184 रन ही बना सकी।
फिलहाल माइनस में चल रहा नेट रन रेट
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार से भारत का नेट रन रेट माइनस में चला गया था। भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़ी जीत से नेट रन रेट में सुधार किया है, लेकिन वह अभी भी माइनस में ही है। भारतीय टीम सुपर आठ के ग्रुप-1 में तीसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट -0.100 है। वेस्टइंडीज की टीम दूसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट +1.791 का है। हालांकि, अब जो स्थिति है उसमें नेट रन रेट का महत्व नहीं है। यानी भारत और वेस्टइंडीज के बीच जो टीम एक मार्च को होना वाला जीतेगी, वो सेमीफाइनल में जगह बना लेगी।






