पाटन। ग्राम अचानकपुर में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। गांव के सरपंच देवानंद साहू ने आंगनबाड़ी से लेकर कॉलेज तक के सभी छात्र-छात्राओं के लिए रोज शाम 6 बजे से 6:30 बजे तक घर पर नियमित अध्ययन करने की अपील की है।
सरपंच ने कहा कि बच्चे ही गांव, समाज और देश का भविष्य हैं। यदि वे प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा एकाग्र होकर पढ़ाई करेंगे तो निश्चित रूप से आगे चलकर गांव का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने पालकों से विशेष आग्रह किया है कि वे इस समय बच्चों को घर में शांत वातावरण उपलब्ध कराएं और उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करें।
देवानंद साहू ने बताया कि यह पहल बच्चों में अनुशासन, नियमितता और पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उनका मानना है कि छोटी-छोटी आदतें ही बड़े बदलाव की नींव बनती हैं।
गांव के अभिभावकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि पूरे गांव में एक साथ तय समय पर बच्चे पढ़ाई करेंगे तो इसका सकारात्मक प्रभाव जरूर दिखाई देगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस सामूहिक प्रयास से अचानकपुर शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।







