- नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक सहित जनप्रतिनिधि व शिक्षाविद रहे मौजूद
- विजेता प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे पाटन विकासखंड का प्रतिनिधित्व
पाटन:
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) दुर्ग द्वारा विद्यार्थियों के गुणवत्ता विकास एवं बुनियादी भाषाई व गणितीय दक्षता को मजबूत करने के उद्देश्य से शाला, संकुल, जोन और विकासखंड स्तरीय ‘पठनवीर’ प्रतियोगिता की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी तारतम्य में दाऊ रामचन्द्र साहू स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) पाटन में विकासखंड स्तरीय पांच विधा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में पाटन विकासखंड के 6 जोनों से प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कुल 60 चयनित प्रतिभागियों ने पांच प्रमुख विधाओं में अपनी बौद्धिक क्षमता और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्रीमती आकांक्षा अग्रवाल एवं बीआरसीसी श्री गुनेश्वर प्रसाद वर्मा के द्वारा किया गया

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष श्री योगेश ‘निक्की’ भाले ने सभी विजयी बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण व उपनगरीय क्षेत्र के बच्चों के लिए यह एक अनूठा और शानदार प्लेटफॉर्म है। उन्होंने कहा कि पाटन में पहली बार ‘पठनवीर’ जैसी नवाचारी प्रतियोगिता का इतना सुंदर आयोजन देखने को मिला है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में मंच का डर खत्म होता है और आत्मविश्वास बढ़ता है। हम चाहते हैं कि इस तरह की प्रतिस्पर्धाएं आगे भी नियमित रूप से आयोजित होती रहें।

विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए अत्यंत भावनात्मक एवं प्रेरणादायी विचार रखे। उन्होंने बच्चों से कहा कि सामान्यतः माता-पिता की उपलब्धियों से बच्चों की पहचान बनती है, लेकिन विद्यार्थियों का लक्ष्य यह होना चाहिए कि वे अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से समाज में ऐसा मुकाम हासिल करें कि उनके नाम से उनके माता-पिता की पहचान हो। आपके उत्कृष्ट प्रदर्शन से आपके परिवार व पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित होता है।

जनपद पंचायत पाटन के उपाध्यक्ष श्री कमलेश वर्मा ने कहा कि हमारे ग्रामीण अंचल के बच्चों के भीतर असीम प्रतिभाएं और बौद्धिक क्षमताएं छुपी हुई हैं। आवश्यकता केवल इस बात की होती है कि उन्हें उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि ‘पठनवीर’ प्रतियोगिता ने बच्चों को अपनी सुप्त प्रतिभा को उजागर करने का सबसे सशक्त माध्यम दिया है।
पठनवीर कार्यक्रम का मार्गदर्शन डाइट अछोटी के सहायक प्राध्यापक श्री हेमंत साहू के निर्देशन में हुआ। उन्होंने प्रतियोगिता के स्वरूप, विजन और उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि किस तरह शाला स्तर से शुरू होकर यह सफर संकुल, जोन और विकासखंड से होते हुए जिला स्तर तक पहुंच रहा है। उन्होंने पांचों विधाओं के मापदंडों और बच्चों के सीखने के स्तर पर इसके सकारात्मक प्रभावों को रेखांकित किया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) श्री डालेंद्र देवांगन ने विभागीय लक्ष्यों की जानकारी देते हुए बताया कि माननीय स्कूल शिक्षा मंत्री जी की मंशानुरूप कक्षा दूसरी से पांचवीं तक के बच्चों को धाराप्रवाह हिंदी वाचन व 20 तक पहाड़ा तथा कक्षा छठवीं से आठवीं के विद्यार्थियों को धाराप्रवाह अंग्रेजी वाचन व 25 तक पहाड़ा कंठस्थ कराने का लक्ष्य तय किया गया है। ‘पठनवीर’ आयोजन इसी वृहद शैक्षणिक अभियान का एक हिस्सा है। उन्होंने बताया कि पाटन ब्लॉक के 18 विद्यालयों ने शत-प्रतिशत दक्षता हासिल कर ली है तथा फरवरी तक पूरे ब्लॉक में यह निर्धारित दक्षता शत-प्रतिशत प्राप्त कर ली जाएगी।
पांच विधाओं में ये रहे अव्वल प्रतिभागी:
विभिन्न विधाओं के परिणाम इस प्रकार रहे:
विकासखंड स्तरीय पठन प्रतियोगिता के परिणाम:
1 स्टोरी टेलिंग
प्रथम: कुमारी रितिका (जोन: भिलाई तीन)
- द्वितीय: रुद्रांश निषाद (जोन: सेलुद)
2 स्पीड कैलकुलेशन (मानसिक गणित)
प्रथम: तानिया साहू (जोन: रानीतराई)
द्वितीय: डेलिस धीवर (जोन: सेलुद)
क्विज बैटल
प्रथम: कुमारी चंचला साहू (जोन: पाटन)
द्वितीय: शैल देवी साहू (जोन: सेलुद) स्पीड रीडिंग
प्रथम: साक्षी जैन (जोन: सांकरा)
द्वितीय: कुमकुम (जोन: सेलुद) मैजिक मैथ्स
प्रथम: ओजस साहू (जोन: रानीतराई)
द्वितीय: आयुष नाग (जोन: भिलाई तीन)
सभी विजयी प्रतिभागी अब जिला स्तरीय स्पर्धा में सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम के समापन सत्र में आभार प्रदर्शन विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसीसी) पाटन श्री गुनेश्वर प्रसाद वर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने 'जय पठनवीर' के नारे के साथ उद्बोधन शुरू करते हुए आयोजन की सार्थकता पर प्रकाश डाला तथा बच्चों को लक्ष्य पर एकाग्र रहने प्रेरित किया।
उन्होंने सभी संकुल समन्वयकों (सीएसी), शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से कार्यक्रम सफल हुआ।
सेजेस पाटन प्रिंसिपल श्रीमती स्टेंसी जानसन का बहुत बहुत आभार ज्ञापित किया गया जिनके शाला परिसर में उपरोक्त कार्यक्रम हुआ । साथ ही श्रीमती कविता साहू प्रिंसिपल सेजेस और श्री प्रकाश बिजौरा कीगरिमामयी उपस्थिति रही।
इस समापन एवम पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का सफल संचालन सीएसी द्वय श्री खिलेश कुमार वर्मा और श्री सुशील सूर्यवंशी ले द्वारा किया गया ।






