पंडरिया-नगर के हायर सेकेंडरी स्कूल कन्या शाला प्रांगण में आध्यात्मिकता और प्रेरणा से गुंजायमान हुआ, जब पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं योग ऋषि बाबा रामदेव के प्रिय शिष्य स्वामी नरेंद्र देव का विद्यालय में आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं व्याख्याता सी एल क्षत्रिय सर द्वारा बच्चों संग हारमोनियम पर प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। तत्पश्चात् विद्यालय की प्राचार्या एन.के. एक्का एवं वरिष्ठ व्याख्याता आर.के. महरा ने स्वामी का पुष्पगुच्छ से सम्मान किया।इस दौरान स्वामी नरेंद्र देव ने कहा कि विद्यार्थियों का विचार स्वामी विवेकानंद, सुभाषचंद्र बोस, चंद्रशेखर आज़ाद और भगत सिंह जैसे महापुरुषों की तरह होना चाहिए। उन्होंने बच्चों से कहा कि मोबाइल से दूरी बनाए रखें, रात 10 बजे तक सोएँ और ब्रह्ममुहूर्त प्रातः 4 बजे उठकर पढ़ाई-लिखाई करें।
स्वामी ने आगे कहा कि जीवन में सफल होने के लिए व्यसन, मांसाहार और धूम्रपान से दूर रहकर शिक्षा तथा अपने लक्ष्य पर अटल रहना चाहिए।
उनके ओजस्वी विचारों से उपस्थित छात्र-छात्राएँ और शिक्षकगण गहराई से प्रभावित हुए और जीवन में नई प्रेरणा प्राप्त की।







