पाटन सहित दुर्ग जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट से निपटने कार्ययोजना बनाने के निर्देश, जिला पंचायत सभापति नीलम राजेश चंद्राकार ने अधिकारियों से की चर्चा


पाटन।
गर्मी की शुरुआत के साथ ही संभावित जल संकट को देखते हुए जिला पंचायत दुर्ग की सभापति नीलम राजेश चंद्राकार ने संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पाटन सहित जिला दुर्ग के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या को गंभीरता से लेते हुए समय रहते प्रभावी व्यवस्था करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान सभापति नीलम राजेश चंद्राकार ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से तांदुला जलाशय से पानी उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शुरुआती गर्मी में ही कई गांवों में जल स्तर कम होने लगता है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाटन क्षेत्र सहित पूरे दुर्ग जिले के ग्रामीण इलाकों में जल संकट से निपटने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही तांदुला से पानी उपलब्ध कराने की मांग को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।
इस दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने जलाशय की वर्तमान स्थिति तथा पानी उपलब्ध कराने से संबंधित तकनीकी पहलुओं की जानकारी साझा की। सभापति ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या को दूर करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।