पाटन विकासखंड में 15 जून से 15 जुलाई तक चलेगा सघन कुष्ठ रोग खोजी अभियान

दुर्ग। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग डॉ. मनोज दानी एवं जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव के निर्देशानुसार तथा खंड चिकित्सा अधिकारी पाटन डॉ भुनेश्वर कठौतिया के मार्गदर्शन में पाटन विकासखंड में 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक सघन कुष्ठ रोग खोजी अभियान संचालित किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य समुदाय में छिपे हुए कुष्ठ रोग के मरीजों की शीघ्र पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। इसके अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं व मितानिनों की संयुक्त टीम द्वारा विकासखंड के प्रत्येक गांव में घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान प्रत्येक व्यक्ति की स्क्रीनिंग कर कुष्ठ रोग के लक्षणों वाले संभावित मरीजों की पहचान की जाएगी।
पहचान किए गए संभावित मरीजों की जांच एवं रोग की पुष्टि संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारियों द्वारा की जाएगी। रोग की पुष्टि होने पर मरीजों को राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित एमडीटी( मल्टी ड्रग थेरेपी) उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा तथा नियमित फॉलो-अप के माध्यम से उपचार की निगरानी की जाएगी।
इस वर्ष अभियान में आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए समस्त सर्वेक्षण एवं स्क्रीनिंग संबंधी जानकारी स्वस्थ छत्तीसगढ़ पोर्टल में ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इससे अभियान की रियल-टाइम ट्रैकिंग, निगरानी एवं प्रगति का प्रभावी मूल्यांकन किया जा सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण दल को पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा त्वचा पर संवेदनाहीन चकत्ते, हाथ-पैरों में सुन्नपन, नसों में सूजन अथवा कुष्ठ रोग से संबंधित अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराएं। समय पर पहचान एवं उपचार से कुष्ठ रोग पूर्णतः ठीक किया जा सकता है तथा इससे होने वाली विकलांगता को रोका जा सकता है।