पौनी में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत सघन जनसंपर्क


पंडरिया। लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जागरूक मतदाता है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना उसके लोकतांत्रिक अधिकार की पहली सीढ़ी है। इसी उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कबीरधाम के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 प्रारंभ किया गया है। इस कार्यक्रम के लिए अहर्ता तिथि 01 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। तथा पुनरीक्षण की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक रखी गई है।
अभियान को सफल बनाने के लिए शासकीय प्राथमिक शाला पौनी के प्रधानपाठक एवं अभिहित अधिकारी वासुदेव सिंह के नेतृत्व में बीएलओ इंद्राणी ठाकुर एवं नेमीन साहू द्वारा गांव में घर-घर पहुंचकर सघन जनसंपर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, अपात्र एवं मृत व्यक्तियों के नाम नियमानुसार विलोपित कराने, नाम, पता एवं अन्य प्रविष्टियों में संशोधन कराने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर ग्रामवासियों से विशेष अपील की गई कि वे स्वयं तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें। जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बीएलओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अथवा अपने मतदान केंद्र में संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें।
सरपंच रोशनी रवि साहू ने भी समस्त ग्रामवासियों से इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।