International Yoga Day : मर्रा की बाल योगशाला ने बदली बच्चों की सोच, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचे खिलाड़ी…15 साल पहले हुई थी बाल योगशाला की शुरुआत


राजू वर्मा सीजी मितान न्यूज़….


अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जब पूरा देश योग के महत्व को रेखांकित कर रहा है, तब पाटन विकासखंड के ग्राम मर्रा की बाल योगशाला ग्रामीण क्षेत्र में योग की एक अनूठी मिसाल बनकर सामने आई है। यहां वर्षों से बच्चों को नियमित योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप अनेक बच्चे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर गांव, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।


ग्राम मर्रा में संचालित बाल योगशाला ने बच्चों के बीच योग को केवल स्वास्थ्य और निरोगी जीवन तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि इसे एक खेल और प्रतिस्पर्धात्मक विधा के रूप में स्थापित किया। आज यहां के बच्चे योगासन स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक जीत रहे हैं और बड़े मंचों तक पहुंच रहे हैं। बाल योगशाला आज ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए एक प्रेरणा केंद्र बन चुकी है। निःशुल्क प्रशिक्षण, समर्पित मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास यहां की पहचान बन गई है।

15 साल पहले बाल योगशाला की शुरुआत

15 साल पहले हुई बाल योगशाला की शुरुआत

बाल योगशाला की शुरुआत वर्ष 2011 में सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मचारी लालाराम वर्मा और तुलाराम वर्मा ने की थी। दोनों ने जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत कर उसे योग प्रशिक्षण केंद्र का रूप दिया। यहां बच्चों को पूरी तरह निःशुल्क योग सिखाया जाता है। सुबह और शाम नियमित अभ्यास के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास किया जा रहा है। अब तक यहां 100 से अधिक बच्चे नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। इनमें कई खिलाड़ी जिला और राज्य स्तर तक पहुंचे हैं, जबकि 10 से अधिक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है और एक खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।


अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिलाई पहचान


धीरेन्द्र कुमार वर्मा इस योगशाला के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने 2016 से 2019 के बीच विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई पदक जीते। इंदौर, रायपुर, उज्जैन, यवतमाल और मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में रजत एवं कांस्य पदक हासिल किए। वर्ष 2017 में नेपाल के काठमांडू में आयोजित प्रथम दक्षिण एशियाई योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक तथा 2019 में बुल्गारिया में आयोजित चतुर्थ विश्व योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया।


भूमिका साहू ने भी राज्य से लेकर राष्ट्रीय और विश्वविद्यालय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 2023 में भिलाई में आयोजित राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा राष्ट्रीय स्कूल खेलों तथा बेंगलुरु में आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय योगासन चैंपियनशिप में भी भाग लेकर अपनी पहचान बनाई।
वहीं कुमारी पूनम यादव और हेमंत पटेल ने वर्ष 2016 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय योग ओलंपियाड में सहभागिता कर मर्रा गांव का प्रतिनिधित्व किया और बाल योगशाला की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इन्होंने भी बढ़ाया मान
येमन साहू ने वर्ष 2017-18 में आयोजित 17वीं राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता में सहभागिता की।
प्रथमेश वर्मा ने 16 नवंबर 2025 को दुर्ग में आयोजित राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
केशव सिंह सपहा ने छठी राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025 में रजत पदक प्राप्त किया।
डिगमणि सपहा ने 21 सितंबर 2025 को आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय बीवाईसी द्वितीय योगा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भागीदारी की।
मोक्षिता साहू ने राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मानवी धीवर ने 21 सितंबर 2025 को आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय बीवाईसी द्वितीय योगा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में सहभागिता कर गांव का प्रतिनिधित्व किया।
दीपिका धीवर ने 21 सितंबर 2025 को रायपुर के श्री बालाजी विद्या मंदिर, देवेन्द्र नगर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय बीवाईसी द्वितीय योगा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में हिस्सा लिया।
अंतरा साहू ने जीता स्वर्ण पदक
बाल योगशाला की उभरती खिलाड़ी अंतरा साहू ने बीते 4 जनवरी 2026 को दुर्ग के बीएसपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-6 में आयोजित राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने धेमाजी (असम) में आयोजित छठी राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 में भी सहभागिता कर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।